एमआईईटी में ‘प्रारंभ 2026’ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में बीटेक, फार्मेसी, एमबीए, एमसीए और बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘प्रारंभ 2026’ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन, नृत्य, विभिन्न खेलों और तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह तथा डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. हनी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने जूनियर्स का स्वागत करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया। ढोल की थाप पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया। वहीं, रैंप वॉक के दौरान छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कैंपस निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार भी बेहद जरूरी हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में तकनीकी ज्ञान और आधुनिक शिक्षा के साथ अपने संस्कारों को बनाए रखना तथा गुरुजनों का सम्मान करना भी आवश्यक है।
पांच पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिले मिस्टर-मिस फ्रेशर के खिताब
फ्रेशर्स पार्टी में मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर के चयन के लिए तीन राउंड आयोजित किए गए। इनमें रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और टैलेंट राउंड शामिल रहे। इन राउंड में प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के विजेताओं का चयन किया।
बीटेक में सक्षम को मिस्टर फ्रेशर और अवनी को मिस फ्रेशर चुना गया। एमबीए में किरत ने मिस्टर फ्रेशर तथा जानवी ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। एमसीए में शिवांश मिस्टर फ्रेशर और आरती मिस फ्रेशर बनीं। फार्मेसी में समीर को मिस्टर फ्रेशर तथा प्राची को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में आदित्य ने मिस्टर फ्रेशर और सांची ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया।
सभी विजेताओं को शील्ड, बुके और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। समारोह के दौरान डॉ. मधुबाला शर्मा, डॉ. विनीत, डॉ. विपिन गर्ग, डॉ. अविनाश, डॉ. प्रदीप पंत, अजय चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



