गोड्डा
गोड्डा क्रिकेट एकेडमी एवं नन्हे सितारे कोचिंग सेंटर की जीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। गांधी मैदान में जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित रितेश मेमोरियल अंडर 16 क्रिकेट मुकाबले में गोड्डा क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माउंट एससीसी स्कूल, पोड़ैयाहाट को 5 विकेट से पराजित किया। इस जीत के साथ ही गोड्डा क्रिकेट एकेडमी लगातार दूसरी जीत की साथ अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई। मुकाबले में गोड्डा क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। पहले बल्लेबाजी करते हुए माउंट एससीसी स्कूल, पोड़ैयाहाट की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 108 रन पर अपने सभी विकेट गंवा दिए। अभय रंजन ने सर्वाधिक 31 रन की पारी खेली। इसके जवाब में गोड्डा क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 14.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गोड्डा क्रिकेट अकादमी की जीत में मोहम्मद फरहान हुसैन की अहम भूमिका रही। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। गेंदबाजी में भी फरहान ने कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किया। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार संघ के वरीय सदस्य राजू रंजन के द्वारा दिया गया। दूसरे मुकाबले में नन्हे सितारे कोचिंग सेंटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल गोड्डा को 49 रनों से पराजित किया। नन्हे सितारे कोचिंग सेंटर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी पब्लिक स्कूल गोड्डा की टीम 17.3 ओवर में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार नन्हे सितारे कोचिंग सेंटर ने 49 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में नन्हे सितारे कोचिंग सेंटर के सिब्तैन रज़ा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार संघ के सदस्य दिव्यप्रकाश के द्वारा प्रदान किया गया। अंपायर की भूमिका में प्रभु एवं सूरज कुमार तथा स्कोरर की भूमिका में मोहम्मद तौसीफ थे। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष सनोज कुमार, विजय कुमार, मुकेश मंडल, अभिषेक, राजन झा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


