गाजियाबाद

लोनी बाजार में दुकान में लगी भीषण आग

20 लाख का माल जलकर राख

दो मंजिला कपड़ा दुकान में लगी आग से मची अफरा-तफरी, चार दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

लोनी (गाजियाबाद) लोनी के मुख्य बाजार में शनिवार देर रात एक रेडीमेड कपड़ों की दो मंजिला दुकान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार के अनुसार अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने लगभग 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना के समय दुकान बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई।

दुकान बंद होने के बाद भड़की आग

जानकारी के अनुसार मेन बाजार निवासी शोएब पुत्र नवाब की बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दो मंजिला दुकान है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लगभग एक घंटे बाद रात 10:30 बजे आसपास के लोगों ने दुकान की पहली मंजिल से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

संकरी गलियों ने बढ़ाई दमकल की मुश्किल

मुख्य बाजार में आग लगने की खबर फैलते ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में परेशानी हुई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने वाहनों को उचित दूरी पर खड़ा कर लंबे पाइपों के जरिए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब पौना घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। समय रहते आग बुझने से आसपास की अन्य दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

दुकानदार शोएब के मुताबिक आग से दुकान में रखा नया कपड़ों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है। अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button