ललितपुर

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चाय-पनीर और बर्फी के नमूने भरे

तालबेहट में पांच किलो दूषित छेना रसगुल्ला कराया नष्ट

फूड सेफ्टी ऑन व्हील से मिठाइयों की मौके पर हुई जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को जिले में विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने ललितपुर, बांसी और तालबेहट क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चाय, पनीर और बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि तालबेहट में करीब पांच किलोग्राम दूषित छेना रसगुल्ला नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले झांसी रोड स्थित ऑफिसर कॉलोनी के पास निरंजन टी स्टाल का निरीक्षण किया। यहां प्रतिष्ठान संचालक मनोहर निरंजन के यहां से चाय का नमूना संग्रहित किया गया। इसके बाद टीम तालबेहट पहुंची, जहां गरीबे स्वीट के संचालक मनोज शिवहरे के प्रतिष्ठान से पनीर तथा सुमंगलम स्वीट के संचालक रविशंकर के यहां से बर्फी का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान तालबेहट स्थित प्रतिष्ठान पर लगभग पांच किलोग्राम दूषित छेना रसगुल्ला पाया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अभियान के तहत विभाग की फूड सेफ्टी ऑन व्हील टीम ने बांसी और तालबेहट में विभिन्न मिठाई की दुकानों पर पहुंचकर कई प्रकार की मिठाइयों की मौके पर जांच की। इस दौरान दुकानदारों एवं उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूक भी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन एवं नागेंद्र कुमार शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान मिलावटखोरी रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button