शामली

छठे दिन महायज्ञ में विश्व कल्याण की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां, भागवत कथा में उमड़ी भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : नगर के कैराना मार्ग स्थित सिद्ध पीठ श्री माता वैष्णो देवी मंदिर एवं रामलीला मैदान में आयोजित 21 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर मां भगवती के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा। प्रातःकाल यज्ञशाला में विद्वान आचार्यों के सानिध्य में विधि-विधान के साथ 21 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ के दौरान आचार्यों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विभिन्न देवी-देवताओं का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंडों में घी, हवन सामग्री एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों की आहुतियां समर्पित कीं। इस दौरान विश्व कल्याण, राष्ट्र की उन्नति, परिवारों की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की गई। यज्ञशाला में लगातार मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि से वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। दोपहर के समय माता वैष्णो देवी मंदिर के प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के पंचम दिवस की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने भगवान की लीलाओं, भक्ति, धर्म, सदाचार और मानव जीवन में सत्कर्मों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही उसे सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों से पंडाल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु कथा का रसपान करते नजर आए। महायज्ञ एवं भागवत कथा में निधीश कुमार मित्तल, शरद कुमार मित्तल, तेज सिंह मित्तल, यज्ञ प्रभारी शशि भूषण शर्मा, अभिषेक शर्मा, बृजमोहन शर्मा, प्रमोद शर्मा, गुलशन खन्ना सहित नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button