बरेली
विकसित भारत युवा संवाद में सांसद, विधायक ने किया युवाओं से संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / रिठौरा। खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी में मंगलवार को माय भारत टीम के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार और विशिष्ट अतिथि मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा रहे। यूथ आइकॉन धीरेंद्र भी मौजूद रहे। शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन व पुष्पार्चन कर किया। इस दौरान माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह, महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल, महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार, प्राचार्य डॉ. आरके सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में धीरेंद्र ने विद्यार्थियों को एसआईआर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। सांसद छत्रपाल गंगवार ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी व जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका बताई।
विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद का मौका मिला। मेघा, पुष्पा आर्या, शाहनूर खान, सूर्यांश, साक्षी बत्रा, अमित, हेमेंद्र आदि ने मतदाता जागरूकता व मेरा वोट-मेरा अधिकार विषय पर प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का संचालन उपनिदेशक पुष्पा सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में डॉ. कल्पना कटियार, डॉ. शिव स्वरूप, एनएसएस अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना, ले. रचना, रितेश का सहयोग रहा। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




