शामली
देव पूजन कर घर लौट रहे युवक का शव हाईवे किनारे मिला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : देव पूजन कर वापिस घर लौट रहे युवक का शव हाईवे किनारे पड़ा मिला। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है। वही सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों में से पुलिस को मृतक का मोबाइल मिला है।
थाना बाबरी के गांव बुटराडा निवासी रोहताश पुत्र इलम सिंह अपने परिवार के साथ लंबे समय से जनपद गाजियाबाद के कस्बा लोनी स्थित मुहल्ला सरल कुंज विहार में रहता है। रोहताश के अनुसार हर वर्ष दीपावली पर परिवार से एक व्यक्ति गांव में देव पूजन के लिए जाता था। इस वर्ष देव पूजन के लिए बड़ा भाई रविंद्र (30) रविवार सुबह घर से निकला था। गांव में देव पूजन के बाद वह वापिस घर लौट रहा था। मृतक के भाई रोहताश के अनुसार रविवार शाम के बाद मृतक रविन्द्र के फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। लगभग आठ बजे कांधला पुलिस द्वारा दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित कांधला कालेज कांधला के समीप मृतक रविन्द्र के एक्सीडेंट होने की सूचना दी गई। सूचना पर रोहताश स्वजनों समेत कांधला अस्पताल पहुंच गया। जहां उनको सड़क दुर्घटना में रविंद्र की मौत होने की सूचना मिली। मौत की सूचना पर स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम से आने के बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी बच्चू सिंह का कहना है कि सड़क किनारे से मृतक का मोबाइल मिला है। वहीं सड़क पर भी खून के निशान बने हुए है। सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



