
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ नजदीक आते ही बाजारों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार से छठ पर्व का शुभारंभ होने जा रहा है। पर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर कद्दू-भात बनाने की परंपरा को लेकर गुरुवार से ही बाजार में कद्दू की आवक शुरू हो गई है। कद्दू की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की चहल-पहल भी बढ़ने लगी है। हालांकि, इस बार बाजार में कद्दू की उपलब्धता कम देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार, कद्दू की कीमत 100 से 150 रुपये प्रति पीस तक बताई जा रही है। कीमतों में वृद्धि के कारण लोगों को कद्दू खरीदने के लिए पहले की तुलना में अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। स्थानीय किसानों और विक्रेताओं ने बताया कि इस वर्ष कद्दू की उपज काफी कम हुई है। खेतों में उत्पादन कम होने के कारण बाजार में इसकी आवक प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। इसके बावजूद छठ पर्व की परंपरा और आस्था को देखते हुए लोग कद्दू की खरीदारी कर रहे हैं। छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रती स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का विधिवत शुभारंभ होता है। बाजारों में बढ़ती रौनक से छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बनने लगा है।


