शामली

शामली में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवन का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीदों के आश्रितों को मिलेगी बेहतर सुविधा, वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करने और स्टाम्प ड्यूटी छूट 50 लाख तक बढ़ाने की घोषणा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। जनपद शामली के लिए शनिवार का दिन गौरव और हर्ष का विषय रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवनों तथा विश्राम गृहों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस क्रम में शामली के नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवन का भी लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर जनपद शामली में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रसन्न चौधरी, जिलाधिकारी आलोक यादव, यूपी सिडको के अधीक्षण अभियंता महेंद्र सिंह तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल अजय कुमार सिंह (अ.प्रा.) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से किया गया। मुख्यमंत्री के ऑनलाइन लोकार्पण एवं संबोधन के सजीव प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। उपस्थित अतिथियों और भूतपूर्व सैनिकों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
कार्यक्रम में जनपद शामली के करीब 50 भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नवनिर्मित कार्यालय भवन से जनपद के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शहीद सैनिकों के आश्रितों तथा उनके परिवारों को एक समर्पित एवं सुव्यवस्थित कार्यालय की सुविधा उपलब्ध होगी।
यह भवन देश की सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों और राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के प्रति प्रदेश सरकार के सम्मान, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सैनिकों के त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी, स्टाम्प ड्यूटी छूट 50 लाख तक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करने तथा स्टाम्प ड्यूटी में छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की घोषणा भी की। इन घोषणाओं को पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय शामली की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर तथा उत्तर प्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। भवन निर्माण एवं लोकार्पण की प्रक्रिया में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन शामली और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय शामली ने सैनिकों के सम्मान, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button