बालाघाट
शासन की बेरुखी से 126 सोसायटियों पर ताले
कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, धान खरीदी पर संकट के बादल

तीन साल से बकाया भुगतान दबाकर बैठी सरकार, 1 दिसंबर से खरीदी की तैयारी हवा-हवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघा(म0प्र0) : बालाघाट जिले की सभी 126 सोसायटियों में सोमवार से ताले लटक गए। वजह साफ है: जिन कर्मचारियों के भरोसे किसान की उपज की खरीदी होती है, उन्हीं को सालों से उनका हक नहीं दिया गया। नतीजा यह कि मजबूर होकर कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा, जबकि 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू होनी है।
मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारी जनपद पंचायत के सामने धरने पर बैठे हैं। उनकी माँगें कोई नई नहीं हैं। वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 में समितियों द्वारा किए गए काम का भुगतान आज तक लटका है। प्रासंगिक खर्च, कमीशन और डेटा ऑपरेटरों का वेतन भी अटका पड़ा है। सवाल यह है कि तीन-तीन साल तक कर्मचारियों की मेहनत की कमाई दबाकर रखने का अधिकार शासन-प्रशासन को किसने दिया ?
अफसरों पर गंभीर आरोप, हटाने की माँग
कर्मचारियों का गुस्सा सीधे जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पर फूटा है, जिन्हें हटाने की माँग की जा रही है। जिस विभाग पर खरीदी व्यवस्था सुचारु रखने की जिम्मेदारी है, उसी के अधिकारियों से कर्मचारी इतने त्रस्त हैं कि उन्हें हटाए बिना काम पर लौटने को तैयार नहीं।
बारदाने से लेकर परिवहन तक, बदइंतजामी की भरमार
कर्मचारियों के मुताबिक खरीदी केंद्रों पर 40 किलो से कम वजन वाले बारदाने थमा दिए जाते हैं, जिससे खरीदी के दौरान भारी परेशानी होती है। खरीदी गई धान का परिवहन तय 72 घंटे में नहीं होता, नतीजतन केंद्रों पर धान का ढेर लगता जाता है, जगह कम पड़ती है और अव्यवस्था फैलती है।
सबसे बड़ा अन्याय यह कि धान में कमी आने पर उसकी भरपाई कर्मचारियों की जेब से वसूली जाती है। यानी व्यवस्था की खामियाँ और परिवहन की लापरवाही शासन की, और सजा भुगते छोटा कर्मचारी। यह कैसा न्याय है ?
हर साल वही कहानी
कर्मचारियों का कहना है कि धान खरीदी से ठीक पहले हर साल सोसायटी कर्मचारियों को हड़ताल करनी पड़ती है। यानी हर बार आश्वासन की घुट्टी पिलाई जाती है और समस्या जस की तस बनी रहती है। शासन तब जागता है जब खरीदी सिर पर आ जाती है, और तब भी समाधान के बजाय खानापूर्ति ही नजर आती है।
किसान भुगतेगा कीमत
कर्मचारियों ने साफ कहा है कि लंबित भुगतान समेत अन्य माँगों पर ठोस फैसला होने तक हड़ताल जारी रहेगी। अगर शासन ने अब भी आँखें नहीं खोलीं, तो 1 दिसंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी पर ताला लगना तय है, और इसकी सबसे बड़ी कीमत जिले का अन्नदाता चुकाएगा। सवाल सीधा है: क्या सरकार किसानों और कर्मचारियों, दोनों को यूँ ही उनके हाल पर छोड़ देगी ?




