
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मिट्टी लदे डंपर एक बार फिर राहगीर की मौत का कारण बन गए। मसौली विकासखंड के सफदरगंज थाना क्षेत्र में तलहा कट के पास हाजी धर्मकांटे के बगल सोमवार को तेज रफ्तार मिट्टी लदे डंपर ने साइकिल सवार 85 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि बुजुर्ग का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और शरीर के आंतरिक अंग सड़क पर बिखर गए। हाईवे पर यह मंजर देखकर लोगों की रूह कांप गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान हैदरपुरवा निवासी दूरई प्रधान (85) के रूप में हुई है। वह बाबा पुजारी थे। जानकारी के मुताबिक, लक्षबर बजहा में 26 तारीख को मंदिर पर भंडारे का आयोजन होना है। इसी भंडारे का निमंत्रण बांटने के लिए दूरई प्रधान घर से निकले थे। गांवों में निमंत्रण बांटने के बाद वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तलहा कट के पास हाजी धर्मकांटे के बगल मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस बुजुर्ग के हाथों में भंडारे का निमंत्रण था, वह घर पहुंचने से पहले ही मौत का शिकार हो गए।
हादसे में शामिल डंपर का नंबर यूपी 41 टी 9749 बताया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डंपर को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिट्टी लदे डंपरों की आवाजाही से खतरे में राहगीर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मिट्टी से लदे डंपरों का इसी रास्ते से लगातार आना-जाना लगा रहता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और उनकी रफ्तार को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इसके बावजूद सड़क पर चलने वाले साइकिल सवारों और अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों भी डंपर की चपेट में आने से एक मां और उसके बेटों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद भी भारी वाहनों के संचालन पर सवाल उठे थे, लेकिन अब तलहा कट के पास एक और जान चली गई।
लगातार हो रहे हादसों ने यातायात व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मिट्टी लदे डंपरों की आवाजाही पर नियंत्रण कब होगा? क्या जिम्मेदार महकमा किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?



