भरत पुर

वैर में पुष्पा गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित, भुसावर में आशा शर्मा ने पांच मतों से दर्ज की जीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
वैर/भुसावर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. कमर चौधरी एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुक्रवार को वैर एवं भुसावर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। चुनाव में वैर पंचायत समिति में कांग्रेस की पुष्पा गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं, जबकि भुसावर पंचायत समिति में भाजपा की आशा शर्मा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को पांच मतों से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
पुष्पा गुर्जर निर्विरोध बनीं वैर प्रधान
वैर उपखंड के गांव झालाटाला निवासी कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा पत्नी तोताराम गुर्जर निर्विरोध वैर पंचायत समिति की प्रधान निर्वाचित हुईं। निर्वाचन के बाद पंचायत समिति सभागार में उपखंड अधिकारी मांगीलाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर धौलपुर-करौली सांसद भजनलाल जाटव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश सूपा सहित नवनिर्वाचित प्रधान पुष्पा गुर्जर के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
आशा शर्मा ने पांच मतों से हासिल की जीत
वहीं भुसावर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में गांव घाटरी निवासी आशा शर्मा पत्नी चंद्रशेखर उर्फ बंटी शर्मा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी पवन देवी को पांच मतों से पराजित किया। आशा शर्मा को 14 मत प्राप्त हुए और वह भुसावर पंचायत समिति की प्रधान निर्वाचित हुईं। निर्वाचन के बाद उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बिना भेदभाव के होगा पंचायत समिति क्षेत्र का विकास : आशा शर्मा
नवनिर्वाचित प्रधान आशा शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि भुसावर पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों में जनभावनाओं के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार से बजट लाकर गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर सांसद भजनलाल जाटव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश सूपा सहित अनेक समर्थक उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button