अफसरों ने ईद-उल-अजहा के दृष्टिगत जिम्मेदार लोगों के साथ की बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
कैराना। ईद-उल-अजहा पर्व के दृष्टिगत एसडीएम व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने नगर व क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ में बैठक आहूत की। इस दौरान आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ में मनाए जाने की अपील की गई। वहीं, क्षेत्र की फिजा खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने की चेतावनी दी है।
सोमवार को नवनियुक्त एसडीएम निधि भारद्वाज एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आगामी 07 जून को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा पर्व के मद्देनजर नगर एवं क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ में कोतवाली प्रांगण में बैठक आहूत की। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि ईद-उल-अजहा के त्योहार पर प्रतिबंधित मवेशियों की कुर्बानी पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। खुले में पशुओं की कुर्बानी न दी जाए। मवेशियों के अवशेषों को सार्वजनिक स्थान अथवा खुली जगहों पर न फेंके। उन्होंने कहा कि आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को बरकरार रखते हुए ईद-उल-अजहा के पर्व को मनाए। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्र की फिजा खराब करने वाले गुंडा तत्वों से सख्ती के साथ में निपटने की चेतावनी दी है। वहीं, एसडीएम ने कहा कि त्योहारों का मकसद एक-दूसरे को खुशियां बांटना होता है। ऐसा कोई भी कार्य न करे, जिससे किसी की भावना आहत हो। उन्होंने कानून के दायरे में रहकर सौहार्द के साथ में त्योहार मनाने की अपील की है। एसडीएम ने ईओ कैराना समीर कुमार कश्यप व खण्ड विकास अधिकारी उमाकांत मुदगल को सम्बंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर तहसीलदार कैराना अर्जुन चौहान तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष कैराना प्रदीप गोयल, अनिल गुप्ता, श्रीपाल कश्यप, संजय राजवंशी, फैजान कुरैशी, अखलाक प्रधान, सभासद तौसीफ, फुरकान आदि मौजूद रहें।


