असम के बिश्वनाथ जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल की बैठक।
अरुणोदय, मिशन बसुंधरा, मुख्यमंत्री एटी कली डूटी पात समेत कई योजनाओं की की समीक्षा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : असम सरकार के सिंचाई, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री तथा बिश्वनाथ के अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल ने कल शाम बिश्वनाथ जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बिश्वनाथ जिला आयुक्त के सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ कई महत्वाकांक्षी योजनाएं—जैसे अरुणोदय और मिशन बसुंधरा का तीसरा चरण, मुख्यमंत्री एटी कली डूटी पात योजना, सीएमएएए, महिला उद्यमिता योजना आदि के क्रियान्वयन के संदर्भ में मंत्री ने विस्तृत समीक्षा की और इन योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रंजीत दत्त, बिश्वनाथ के विधायक प्रमोद बरठाकुर, गहपुर के विधायक उत्पल बरा, बिहाली के विधायक दिगंत घटोवाल की उपस्थिति में कल शाम 7 बजे तक चली इस बैठक में बिश्वनाथ जिले के आधारभूत संरचना विकास के संबंध में भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। सांसद, विधायक के अलावा इस समीक्षा बैठक में बिश्वनाथ के जिला आयुक्त मुनिंद्र नाथ नाटे , जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिजा तालुकदार, पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुआ, बिहाली उप-जिला आयुक्त ध्रुवज्योति दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त राकेश डेका और असीम बोरगोहेन, सर्किल अधिकारी, निर्वाचन अधिकारी, सहायक आयुक्त, जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ और प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।



