
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नशा समाज के लिए अभिशाप है। इससे युवाओं को दूर रहना होगा। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज़ सारनी सेवा केंद्र एवं जिला सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति शपथ हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज़ से जुड़े हुए सारणी क्षेत्र के सदस्यों ने स्वयं व्यसन मुक्त रहते हुए अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र को नशा मुक्त बनाने, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने की शपथ ली इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ बैतूल सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी जी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज विगत कई वर्षों से व्यसन मुक्ति के क्षेत्र में अपनी एक सक्रिय भूमिका निभाते आ रहा है। ब्रह्माकुमारीज के द्वारा कई नशा मुक्ति अभियान, रेलिया, नुक्कड़ नाटक तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में जन जागृति का कार्य किया जाता रहा है। 2023 में भारत सरकार और संस्थान के बीच एक सहमति पत्र हस्ताक्षरित किया गया जिसके अंतर्गत समस्त भारत में यह जन जागृति अभियान ब्रह्माकुमारीज के द्वारा किया जाना तय हुआ। इसी के विश्व नशा निवारण दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन के साथ मिलकर हमने यह कार्यक्रम आयोजित किया। दीदी जी ने बताया कि नशे की लत से मुक्ति पाने में राजयोग एक बहुत ही उपयोगी एवं कारगर विधि है जिसका निशुल्क प्रशिक्षण ब्रह्माकुमारीज में प्रतिदिन दिया जाता है। जो भी व्यक्ति अपने किसी प्रकार की व्यसन या नशे की आदत को छोड़ना चाहता है तो राजयोग मेडिटेशन के द्वारा यह कर पाना संभव है। कार्यक्रम में सभी को नशा मुक्ति के शपथ भी दिलाई गई। साथ ही बीके मंजू दीदी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.जयदीप पोपली, जिला प्रबंधक सीएससी कमलेश रघुवंशी सहित कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों ने नशा मुक्त रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की प्रतिज्ञा कर जिला प्रशासन द्वारा दिए गए शपथ पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए।



