मेरठ
झमाझम बारिश से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ । मवाना के बहसूमा में की बारिश का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों को रविवार सुबह झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को ठंडी फुहारों से राहत मिली, तो वहीं खेतों को जीवनदायिनी पानी मिलने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
बारिश के चलते धान, मक्का और गन्ने जैसी सूखती फसलों को संजीवनी मिली है। ग्रामीण इलाकों में किसान अब धान की रोपाई में युद्ध स्तर पर जुट गए हैं। बारिश के बाद पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से निजात मिली।
बच्चों और युवाओं ने बारिश में भीगकर खूब मस्ती की। कुलर-एसी की जगह अब पंखे से ही काम चलने लगा है। हालांकि ग्राम पंचायतों की सफाई व्यवस्था की पोल बारिश ने खोल दी—कई रास्तों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आवागमन में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
किसान सचिन चौधरी, प्रभात देशवाल, सोराज सिंह और आदेश कुमार ने बताया कि इस बारिश से फसलों को बड़ी राहत मिली है और अब धान की रोपाई में गति आएगी।



