मथुरा

सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, मोहिनी नगर कॉलोनी में 45 अवैध निर्माण ढहाए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में नगर निगम प्रशासन ने यमुना खादर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मोहिनी नगर कॉलोनी में स्थित लगभग 45 स्थायी और अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। निगम की अधिग्रहीत पशुचर भूमि, खसरा संख्या 487 पर भूमाफिया द्वारा अवैध प्लॉटिंग कर लोगों को जमीन बेची गई थी। इस भूमि पर कई लोगों ने मकान और चहारदीवारी बनवा ली थी। नगर निगम की प्रवर्तन टीम, राजस्व विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण अभियान सुबह से शुरू हुआ और दोपहर तक चला। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की तैनाती के चलते कोई बड़ी बाधा उत्पन्न नहीं हो सकी। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन अवैध निर्माणों के खिलाफ पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे लेकिन चेतावनियों के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। शनिवार को निगम प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। मथुरा के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि पानीगांव खादर क्षेत्र में स्थित खसरा संख्या 487 पर लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई में लगभग 30 मकानों सहित 45 निर्माणों को ध्वस्त किया गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वृंदावन के अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि यह कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और दावा किया कि उन्होंने जमीन खरीदते समय धोखे में प्लॉट लिए थे। कुछ लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की लेकिन प्रशासन का रुख स्पष्ट रहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button