गोड्डा
सुंदरपहाड़ी ट्रैक्टर चोरी कांड का खुलासा
पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर-ट्रेलर बरामद कर 5 आरोपियों को दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गोड्डा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रैक्टर चोरी मामले का सफल उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चोरी गया महिंद्रा 475 DI MKM DLX ट्रैक्टर एवं ट्रेलर बरामद कर लिया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार 21 जुलाई 2026 की रात सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के महुआटांड़ गांव निवासी परमानंद साह का महिंद्रा ट्रैक्टर (JH17V-4513) एवं ट्रेलर (JH17V-4514) चालक के घर के पास से चोरी कर लिया गया था। घटना के बाद सुंदरपहाड़ी थाना में कांड संख्या 20/2026 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज तथा मानव आसूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रेलर बरामद कर लिया तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।गिरफ्तार आरोपियों में संचित कुमार उर्फ भोला (दुमका), नवनीत कुमार राणा (दुमका), जगेश पाल (मसलिया, दुमका), आलोक कुमार पाल (दुमका नगर) तथा प्रहल्लाद गोरांय (नाला, जामताड़ा) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, नवनीत कुमार राणा का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी विधानचन्द्र पटेल, थाना प्रभारी आनंद साहा सहित सुंदरपहाड़ी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। गोड्डा पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर वाहन चोरी के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर तुरंत दे सकते हैं।



