मथुरा
गुरु पूर्णिमा मेले में भक्तों की भावनाएं ले रहीं हिलोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। राधाकुंड में मुड़िया पूर्णिमा मेले में देवशयनी एकादशी से गिरिराज तलहटी में भक्तों का उमड़ना शुरू हो गया है। पग-पग पर भक्तों की अपने आराध्य के प्रति भावनाएं हिलोरें ले रही हैं। भक्त परिक्रमा की शुरुआत गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर और राधाकुंड चौराहे पर सिर झुकाकर कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग के मंदिरों में भक्तों की भीड़ पहुंच रही है। भक्त गोवर्धन, आन्यौर, पूंछरी, जतीपुरा होते हुए मानसी गंगा पहुंच रहे हैं। यहां फव्वारे में स्नान-आचमन कर गिरिराज प्रभु पर दूध, भोग चढ़ा रहे हैं। परिक्रमा मार्ग में पंडाल लगाकर सेवाभावी लोगों ने प्याऊ-भंडारे शुरू कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल टॉयलेट, खोया पाया केंद्र की गई है। निजी अस्पतालों द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। परिक्रमा मार्ग गिरिराज महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। महिला, बुजुर्ग, बच्चों के कदम बढ़े चले जा रहे हैं। रविवार को तापमान में बढ़ोतरी के चलते एकादशी की दोपहर परिक्रमा करने वाले भक्तों की मानव शृंखला टूटी सी दिखाई दी। गिरिराज पर्वत पर लहलहाती हरियाली भक्तों के मन को मोह रही थी। गुरु पूर्णिमा के लिए गुरुओं के द्वार सजने लगे हैं। शिष्यों की भीड़ आना शुरू हो गई है। आश्रमों में धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो गए हैं। जगह-जगह श्रीमद्भागवत कथाओं के आयोजन चल रहे हैं। भक्त गुरु पूर्णिमा से एक सप्ताह पहले ही मठ और आश्रमों में आना शुरू कर देते हैं। अनेक आश्रम, मंदिर व मठ में भागवत सप्ताह सहित अनेक धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। गिरिराज संत सेवा आश्रम के महंत राधा मोहन दास रघुनाथ सिद्ध द्वारा अखंड हरी नाम संकीर्तन और भक्तों के लिए 24 घंटे भंडारा चल रहा है।



