बेतुल
बैतूल में 47 हितग्राहियों को मिला आशियाना, 130 को दिए गए स्वीकृति पत्र
सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर के 60 हजार से अधिक हितग्राहियों को दी सौगात

इंदौर से मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव के अंतर्गत 11 जुलाई को इंदौर से वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 और 2.0 के लाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में 1.0 के अंतर्गत प्रदेश में निर्मित 45,503 आवासों का गृह प्रवेश कराया गया, वहीं योजना 2.0 में 19,541 नव स्वीकृत आवासों के लिए पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा भी नगर पालिका के बाल सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 47 हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया और 130 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए। बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर की अध्यक्षता रही। उनके साथ महेश राठौर उपाध्यक्ष, नितेश परिहार स्वास्थ्य समिति सभापति, रघुनाथ लोखंडे निर्माण समिति सभापति, तरुण ठाकरे कर निर्धारण एवं वसूली समिति सभापति, पार्षद सोमती धुर्वे, अशोक नागले, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया सहित हितग्राही प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
– नया घर पाकर खुश नजर आए हितग्राही
कार्यक्रम में सैकड़ों हितग्राही शामिल हुए और अपने नए घरों को पाकर खुश नजर आए। इस अवसर पर हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जीवन की दिशा बदलने वाली साबित हो रही है। कार्यक्रम के दौरान पार्षदों और अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आश्वासन दिया कि नगर पालिका की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। हितग्राहियों ने बताया कि वर्षों से किराए या कच्चे मकानों में रहकर कठिनाइयों का सामना कर रहे थे, लेकिन अब पक्के मकान मिलने से उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा आई है। इस आयोजन ने हितग्राहियों के घर का सपना साकार किया, शासन-प्रशासन के प्रति लोगों के भरोसे को भी मजबूत किया है।



