बरेली
ड्रोन की दहशत से कस्तूरबा स्कूल में मचा चोर का शोर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिले के ग्रामीण इलाकों व शहर से सटे कस्बों में ड्रोन उड़ने व उसके सहारे घरों में चोरी की साजिश का शोर मच रहा है। अब कस्तूरबा गांधी स्कूल हाफिजगंज की वार्डन ने रविवार रात स्कूल में चोर घुसने और छात्राओं के भयभीत होने का जिक्र कर वीडियो जारी किया है। रात में सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी खोजबीन की लेकिन नहीं कोई मिला। एसएसपी ने अफवाहों पर ध्यान न देने और समस्या होने पर पुलिस को सूचना देने का संदेश दिया है। हाफिजगंज के कस्तूरबा आवासीय इंटर कॉलेज की वार्डन सपना पांडे ने बताया है कि चार दिन से स्कूल के ऊपर ड्रोन उड़ता दिख रहा है। वार्डन ने बताया कि उन्होंने एसडीएम को फोन किया लेकिन एसडीएम ने फोन नहीं उठाया। रात की घटना के बाद स्कूल की छात्राएं व शिक्षिकाएं डरी हुई हैं। सपना पांडे ने मुख्यमंत्री योगी व जिला प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि चोर का शोर मचा था लेकिन कोई नहीं मिला। स्कूल व चौराहे पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी है। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो पुलिस को सूचना दें, न कि खुद ही कानून हाथ में लें। ग्राम सुरक्षा समिति, सरकारी कर्मचारी, मीडिया के जरिये लोगों को पुलिस यह बताने का प्रयास करेगी कि इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

