गोड्डा
राजाभीठा को नया प्रखंड बनाने की दिशा में पहल — अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
राजाभीठा (बोआरीजोर) : गोड्डा जिला अन्तर्गत राजाभीठा थाना क्षेत्र को नया प्रखंड बनाए जाने की लंबे समय से उठ रही मांग के मद्देनज़र प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में बोआरीजोर अंचल के अंचल अमीन एवं राजस्व उप निरीक्षक ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र का बारीकी से अवलोकन किया। स्थल निरीक्षण के दौरान राजाभीठा क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से राजाभीठा पंचायत के मुखिया सुखलाल सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य इंद्रजीत पंडित, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के सचिव अली हुसैन अंसारी, क्षेत्रीय आंदोलन के अध्यक्ष जर्मन बास्की, अरविंद मरांडी, दिनेश पंडित, संजय मंडल तथा प्रमोद मंडल उपस्थित रहे और अपने-अपने स्तर से सहयोग प्रदान कियाजनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नेताओं ने प्रशासन के समक्ष राजाभीठा को प्रखंड का दर्जा देने के लिए ठोस तर्क और क्षेत्र की भौगोलिक एवं जनसंख्या से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राजाभीठा क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधा का अभाव है और प्रखंड गठन से न केवल स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।आंदोलनकारी अध्यक्ष श्री जर्मन बास्की ने बताया कि क्षेत्र की जनता वर्षों से इस मांग को लेकर संघर्षरत है और अब प्रशासन की सक्रियता से उम्मीद जगी है कि जल्द ही राजाभीठा को प्रखंड का दर्जा मिलेगा।स्थानीय लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह है और वे प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा कर रहे हैं।



