बेतुल
बैतूल संविदा कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों ने निकाली रैली
भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले बिजली कर्मचारी महासंघ ने प्रबंध संचालक के नाम सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। संविदा पर कार्यरत बिजली कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बिजली कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में रैली निकाली गई। इसके पश्चात प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, भोपाल के नाम महाप्रबंधक संचा/संधा, मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल वृत्त को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व प्रदेश महामंत्री मधुकर साबले ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह से जायज हैं और लंबे समय से नियमितीकरण की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय मजदूर संघ इन मांगों को लेकर गंभीर है और हर स्तर पर प्रयास कर रहा है ताकि कर्मचारियों को उनका हक मिल सके।
रैली में बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के बाद बिजली कर्मचारी महासंघ के कार्यकर्ताओं द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन महासंघ के सचिव विजय यादव ने किया। कार्यक्रम का समापन भी अध्यक्ष चंद्रभान पंडाग्रे द्वारा किया गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय मजदूर संघ के पूर्व महामंत्री मधुकर साबले, विभाग प्रमुख विनय डोंगरे, अध्यक्ष संपत दरवाई, जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश मंसूरिया, पर्वतराव ठाकरे, बिजली कर्मचारी महासंघ के वृत्त अध्यक्ष चंद्रभान पंडाग्रे, सचिव विजय यादव, संतोष शिंदे, संतोष गुप्ता, निरंजन सिंह, रामकिशोर सोनी, निशांत मेश्राम, कुलदीप ठाकरे सहित अन्य संविदा कर्मचारी शामिल थे। रैली के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की और मांग की कि उन्हें शीघ्र नियमित किया जाए ताकि भविष्य की असुरक्षा समाप्त हो सके।



