बरेली
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) आयोजन के सम्बन्ध में करी बैठक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को किया जाए सम्मिलित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) आयोजन के सम्बन्ध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिन स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन हो वहां पर मा0 जनप्रतिनिधियों को भी सम्मिलित किया जाए तथा उन्हीं के द्वारा झण्डा रोहण भी कराया जाए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाये। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को तिरंगा यात्रा को लेकर अति शीघ्र समस्त तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान समस्त शासकीय भवनों एवं संस्थानों, आवासीय भवनों में तिरंगा फहराया जाएगा। भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा, रंगोली बनाई जाएगी और सेल्फी जोन तैयार किए जाएंगे। हर घर तिरंगा कार्यक्रम में जिले के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों आदि के समस्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रातः 8ः00 बजे सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, कॉलेजों/स्कूलों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जायेगा । उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी नगर व गांवों में भी आयोजन किये जायेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


