बरेली
गौशालाओं की सतत निगरानी हेतु लगवाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
जिलाधिकारी ने वृहद गौ संरक्षण केन्द्र का किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज जनपद बरेली की तहसील नवाबगंज के ग्राम मधुनगला में स्थित वृहद गौ संरक्षण केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।जिलाधिकारी द्वारा विगत दिनों गौशालाओं में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कठोर निर्देश दिये गए थे जिसका प्रभाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा था। गौशाला की साफ सफाई, गौवंशो को भूसा, हरा चारा आदि पर्याप्त मात्रा में दिया जा रहा था। गोवंश स्वस्थ थे। गोवंश हेतु पीने के पानी की समुचित व्यवस्था पायो गयी और गोवंशों के चारे पानी आदि के बर्तन भी साफ सुथरे पाए गए।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि हरा चारा/भूसा पर्याप्त मात्रा में संरक्षित है एवं बीमार गाय तथा नंदियों के लिए अलग-अलग रखने की व्यवस्था की गयी है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूछा कि गौशाला में कितनी गाय आश्रित हैं, जिस पर खण्ड विकास अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि गौशाला में 350 गाय रखने की क्षमता है, जिसके सापेक्ष 417 गाय रह रही हैं, जिनमें से 219 गाय एवं 198 नंदी हैं। उन्होंने सम्बन्धित गोपालक को भी निर्देश दिये कि गायों को भोजन सही समय पर व उच्चतम क्वालिटी का दिया जाए। उपजिलाधिकारी नवाबगंज को निर्देश दिए कि सप्ताह में एक बार गौशाला का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन के द्वारा समस्त गौशालाओं में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाये जा रहे हैं, जिससे गौशालाओं में गायों, हरे चारे/भूसे, साफ-सफाई आदि की स्थिति का पता लग सके। जिलाधिकारी द्वारा गौशाला में रह रही गायों को गुड़ व चने का भी सेवन कराया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से भी वार्ता भी की।
निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी नवाबगंज उदित पवार, सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



