गोड्डा

डीएमएफटी की निविदाओं में अनियमितता की आशंका, जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की योजनाओं के तहत लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा जारी निविदाओं पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ परासर ने इन निविदाओं में भारी अनियमितता का आरोप लगाया है और इसकी तत्काल जांच की मांग की है। परासर ने बताया कि निविदा संख्या 04/2025-26 और टेंडर आईडी 2025_WRD_102313_1 और 2025_WRD_102308_1 में पारदर्शिता और नियमों का उल्लंघन किया गया है। उनके अनुसार, इन निविदाओं में सबसे कम दर (L-1) वाले संवेदकों को जानबूझकर दरकिनार कर दिया गया, जबकि उनसे कहीं अधिक दरें लगाने वाले संवेदकों को कार्य आवंटित कर दिया गया। यह निर्णय न केवल सरकारी नियमों के खिलाफ है, बल्कि इससे सरकारी खजाने को भी बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
सौरभ परासर ने इन अनियमितताओं से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज, जिनमें निविदा से संबंधित बोली और अन्य विवरण शामिल हैं, संबंधित विभाग को सौंप दिए हैं। उन्होंने दावा किया है कि ये दस्तावेज इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है।
मामले पर उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष और त्वरित जांच करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विभागीय कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब सरकार पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की बात कर रही है। डीएमएफटी का उद्देश्य खनन से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है, लेकिन इस तरह की अनियमितताएं इन योजनाओं के मूल उद्देश्य पर ही सवाल खड़े करती हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button