गोड्डा
चोरी की 7 मोटरसाइकिल के साथ 4 गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललमटिया, गोड्डा। ललमटिया थाना की पुलिस को डकैता के पास वाहन चेकिंग के दौरान सफलता मिली है। बताया गया कि पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार कर वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बताया कि 1 सितम्बर को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा ललमिटया थाना अंतर्गत डकैता चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (संख्या JH 17Q-9459) को रोक कर पूछताछ की गई।मोटरसाइकिल चालक मो. तालिबान वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वाहन चोरी का है। उसकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
छापेमारी और गिरफ्तारियां
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। जिसने भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र की पुलिस के सहयोग से पीरपैंती बाजार में छापेमारी की। तीन अलग-अलग टीमों की कार्रवाई में चार अपराधी गुफरान खान, मो. जाहिद उर्फ मांगन, पप्पू पासवान, मोहम्मद तालिबान को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद किया गया। बताया कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी से जुड़े कई पुराने मामलों का खुलासा हुआ है। साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया गया है।




