कानपुर
नगर कीर्तन की अगुवाई हेतु पधारे सिंह साहब ज्ञानी केवल सिंह के कानपुर आगमन पर स्वागत किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण वातावरण में सिख संगत एवं नगरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस पावन अवसर पर कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने सिंह साहब ज्ञानी केवल सिंह जी का अंगवस्त्र और पुष्प मालाओं के साथ अभिनंदन किया। इस आत्मीय क्षण में सिंह साहब ज्ञानी केवल सिंह जी ने श्री दरबार साहेब अमृतसर से लाया गया सिरोपा (सम्मान का वस्त्र) चेयरमैन विजय कपूर को पहनाकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि सिंह साहब ज्ञानी केवल सिंह जैसे संतों का मार्गदर्शन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है और नगर कीर्तन जैसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारे और सेवा की भावना और प्रबल होती है। इस आयोजन ने सामाजिक और धार्मिक समरसता का संदेश देते हुए नगरवासियों को गुरुबाणी के मार्ग पर चलने और सेवा भाव को अपनाने की प्रेरणा दी। यह कार्यक्रम सिख समाज की आध्यात्मिक परंपराओं और संस्कृति का सजीव प्रतीक रहा,जिसमें नगर की समस्त संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।



