बेतुल
बैतूल शिक्षक दिवस पर कर्मचारियों ने किया देशव्यापी उपवास
पुरानी पेंशन बहाली और वरिष्ठता बहाली की उठी मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर जहां एक ओर देशभर में गुरुजनों का सम्मान किया गया, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने अधिकारों को लेकर उपवास रखकर शासन का ध्यान आकृष्ट किया। पुरानी पेंशन वाली राष्ट्रीय आंदोलन भारत एवं मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय अध्यक्ष के आह्वान पर आज पूरे देश के हर जिले में कर्मचारियों-अधिकारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की मांग को लेकर उपवास रखा।कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि शिक्षकों को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता नहीं मिलती है तो वे शासन के बड़े लाभों से वंचित रह जाएंगे। उन्हें न तो ग्रेच्युटी मिलेगी और न ही पेंशन का अधिकार प्राप्त होगा। इसीलिए आज का उपवास आंदोलन पुरानी पेंशन बहाली के साथ-साथ नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की बहाली को लेकर किया गया।बैतूल जिले में हुए इस उपवास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी शामिल हुए। उपस्थित पदाधिकारियों में प्रांतीय सचिव ब्लॉक अध्यक्ष चिचोली रवि सरने, जिला अध्यक्ष पुरानी पेंशन वाली राष्ट्रीय आंदोलन धनराज पाटील, ब्लॉक अध्यक्ष बैतूल गंगाराम गुडॉले, कोषाध्यक्ष रवि अतुलकर, अनिल गोस्वामी, प्रकाश देवड़े, अनीता सोनारे जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, सिंधु धुर्वे, सुनीता उइके, राजकुमार राठौर, अशोक बने, राजू आठनेरे, शैलेंद्र बिहारिया और गोपाल बिहारे शामिल रहे।सभी ने एक स्वर में शासन से मांग की कि शिक्षकों और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन तत्काल बहाल की जाए और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता को मान्यता दी जाए। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष पूरे देश में जारी रहेगा।



