गोड्डा
छात्रा की संदेहास्पद मौत पर परिजनों ने मंत्री से लगाई न्याय की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। प्रखंड के कस्बा मदरसा में हुई नाबालिग छात्रा की संदेहास्पद मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतका के पिता ने न्याय की मांग को लेकर ग्रामीण विकास सह पंचायती राज मंत्री एवं महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात की।परिजनों ने मंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा रखी और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद को तलब किया और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की गहराई से तहकीकात की जाए और हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सामने लाया जाए।मंत्री सिंह ने मृतका के पिता को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी मजबूती से आपके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी एवं उचित कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन से परिजनों ने न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।



