गाजियाबाद
डीएम साहब: लोनी में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे प्राइवेट विद्यालय,
शिक्षा विभाग बना मूकदर्शक, अभिभावक ठगे जा रहे हैं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। शिक्षा विभाग की लापरवाही ने लोनी क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। क्षेत्र में कई प्राइवेट विद्यालय बिना किसी मान्यता और रजिस्ट्रेशन के धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी आंख मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कुछ प्राइवेट स्कूलों का तो रजिस्ट्रेशन तक शिक्षा विभाग में नहीं है, बावजूद इसके इन अवैध स्कूलों में अभिभावकों से मोटी फीस वसूल की जा रही है। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता पूरी न करने वाले शिक्षक भी बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। कई स्कूल तो सिर्फ कक्षा 5 या 8 तक की मान्यता लेकर इंटर तक की कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षा विभाग के चुनिंदा अधिकारी और प्राइवेट स्कूल संचालकों की मिलीभगत से यह खेल वर्षों से चल रहा है। भ्रष्टाचार की वजह से बिना रजिस्ट्रेशन और सुविधाओं के ये स्कूल न केवल संचालित हो रहे हैं बल्कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ भी कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने डीएम और प्रशासन से मांग की है कि बिना पंजीकरण और मान्यता के चल रहे इन विद्यालयों के खिलाफ जांच बैठाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा के नाम पर हो रहे इस इस गोरख धंधे पर अकुंश लगाया जा सके।



