बेतुल
बैतूल अतिवृष्टि और पीला मोजक से तबाह हुई सोयाबीन की फसल
भैंसदेही अंचल के एक दर्जन से अधिक गांवों के किसानों ने सौंपा ज्ञापन, मुआवजा दिलाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही विकासखंड के लगभग एक दर्जन से अधिक ग्रामों के किसान मंगलवार को अतिवृष्टि और पीला मोजक से तबाह हुई सोयाबीन की फसल को लेकर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बर्बाद हुई फसल का सर्वे कराकर शीघ्र ही मुआवजा दिए जाने की गुहार लगाई। किसानों ने बताया कि इस बार क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि और पीला मोजक रोग की मार से सोयाबीन की पूरी फसल चौपट हो गई है, जिसके चलते उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि भैंसदेही तहसील के ग्राम कौडिया, कौडी, बड़गांव, लहास, भीवकुण्ड, धुडिया नई, धुडिया पुरानी, पलासपानी, कोरडी, गौलानढाना, पिपरीढाना और सरई गांव के अधिकांश किसानों की भूमि में बोई गई सोयाबीन की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। खेतों में कहीं भी उपज लायक दाना नहीं बचा है। इससे न केवल किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया, बल्कि उनके सामने आजीविका चलाने और कर्ज चुकाने का संकट भी खड़ा हो गया है। किसानों ने कहा कि मौसम की मार और फसल रोगों के कारण हर वर्ष किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बार स्थिति और भी गंभीर है, क्योंकि खरीफ की मुख्य फसल सोयाबीन ही किसानों की आय का प्रमुख साधन होती है। फसल नष्ट होने से किसानों के पास अब आगे रबी फसल की तैयारी के लिए भी संसाधनों का अभाव हो गया है। किसानों ने मांग की कि शासन-प्रशासन शीघ्र ही नुकसान का सर्वे कराकर बीमा कंपनियों से समुचित मुआवजा राशि दिलवाए। साथ ही जिन किसानों का बीमा नहीं है, उन्हें भी राहत पैकेज से सहायता दी जाए, ताकि वे अपने परिवार और आगामी खेती-किसानी का कार्य सुचारू रूप से चला सकें। ज्ञापन देने वालों में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री अनिल सिंह ठाकुर, सरपंच सुनील उईके, आनंदराव कंगाले और पूर्व विधायक प्रत्याशी रंगीलाल मेश्राम, किसान राजू मालवीय, भोपु लिखितकर, किशोर दहीकर, सन्तुलाल मर्सकोले, दिलीप घुम्मारे, श्रीराम लिखितकर लतीप मसराम, रामराव, जयदेव, सतीश, संजय, सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।




