शामली
पुलिस भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवकों पर शस्त्रधारी बदमाशों का हमला,एक घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। शामली शामला में गुरुवार की शाम उस समय अफरातफरी फैल गई जब अज्ञात शस्त्रधारी बदमाशों ने दौड़ लगाते युवकों पर हमला कर दहशत फैला दी। गांव के गौरव, आर्यन, सचिन और लोती—शामली शामला से खेड़ी खुशनाम जाने वाली सड़क पर दौड़ का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और छात्रों को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक गौरव पर हमला बोल दिया और उसे तमंचे की बट से पीटकर गंभीर चोट पहुंचाई। साथ ही अन्य तीन छात्रों के सीने पर तमंचा तानकर उन्हें आतंकित किया और धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
घटना के बाद गौरव के शरीर पर चोटों आई है जबकि उसके साथी छात्र और उनके परिवारजन गहरी दहशत में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। गौरव के पिता ने तहरीर देकर मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल बदमाशों की पहचान उजागर नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।घटना से पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। लोग इस बात से भी चिंतित हैं कि इसी रास्ते पर गांव की दो युवतियां भी प्रतिदिन दौड़ लगाने जाती हैं। ऐसे में परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो क्षेत्र में असुरक्षा का भाव और गहरा सकता है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है ।पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।


