गाजियाबाद
भड़के विधायक नंदकिशोर गूर्जर – पुलिस को दी खुली चेतावनी
बोले तीन दिन में कार्यवाही करो वरना थाने का होगा घेराव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
लोनी। भाजपा विधायक नंदकिशोर गूर्जर पुलिस पर फट पड़े। उन्होंने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों और उन्हें जान से मारने की धमकी देने वालों पर तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने का घेराव करेंगे।
गूर्जर यहीं नहीं रुके, उन्होंने पुलिस पर निकम्मापन और विरोधियों से मिले होने तक के गंभीर आरोप लगाए। कहा – “यह पुलिस का निकम्मापन है कि आज तक सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखने वालों पर मुकदमा तक दर्ज नहीं हुआ। मैंने खुद इस सम्बन्ध में सीपी को अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई व कार्यवाही नहीं।”
विधायक ने लोनी और अकुर बिहार के इंस्पेक्टरों पर उंगली उठाते हुए कहा कि पुलिस संरक्षण में उनके विरोधी बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “जिस पर सिर्फ दो मुकदमे दर्ज थे उसे जिला बदर कर दिया, और जिस पूर्व चेयरमैन पर 16 मुकदमे हैं, उसे गनर दे दिया। यही है पुलिस का न्याय?”
गूर्जर ने साफ चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने तीन दिन में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह कार्यकर्ताओं के साथ थाने में पहुंचकर पुलिस संरक्षण में चल रही अवैध गतिविधियों का खुलासा करेंगे।
