अमरोहा
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी गिरफ्तार
अमरोहा में एक महीने तक स्कूल नहीं जा सकी पीड़िता, एसपी के आदेश पर केस दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुंदर और सोमित को न्यायालय में पेश किया गया। घटना 2 जून को हुई थी। पीड़िता के परिवार ने टी-प्वाइंट चौकी पर शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई की बजाय समझौता कराने का प्रयास किया। आरोपियों के परिजनों ने माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने का वादा किया।17 अगस्त को पीड़िता जब कूड़ा डालने गांव के बाहर गई, तब आरोपियों ने फिर छेड़छाड़ की। इस बार दुष्कर्म का प्रयास भी किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की। एसपी के आदेश पर 13 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ उप निरीक्षक संदीप पवार के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।छेड़छाड़ की घटनाओं से आहत छात्रा पिछले एक महीने से स्कूल नहीं जा रही है। डर और दहशत के कारण उसने स्कूल जाना बंद कर दिया था।



