अमरोहा

भाकियू ने बिजली विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

अमरोहा में कोतवाल से मिलकर की कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की हसनपुर कोतवाली में भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह कदम बिजली विभाग द्वारा संगठन के एक किसान नेता के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बाद उठाया गया है। भाकियू ने जनता को परेशान करने वाले बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले, गुरुवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुट होकर कोतवाली पुलिस को एक तहरीर दी थी। इसमें भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह भाटी पर बिजली कर्मचारियों को धमकाने और गलत काम करवाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया गया था। विभाग ने भाटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं और महिलाओं के साथ अभद्रता करते हैं
शुक्रवार को, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह भाटी कई दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं और महिलाओं के साथ अभद्रता करते हैं। भाटी ने कहा कि उन्होंने बिजली विभाग द्वारा किए जा रहे गलत कार्यों को उजागर किया है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित उपभोक्ताओं द्वारा एफिडेविट के साथ दी जा रही तहरीरों के आधार पर बिजली कर्मचारियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की जाए।
भाकियू अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की, तो किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कोतवाली को भर देंगे। उन्होंने दोहराया कि बिजली विभाग के दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। इस मौके पर अनिल, जयपाल सिंह, सुनील, देवेंद्र, राजेश, टीकम, राजवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, मेवा सिंह, जगपाल, विजयपाल, आनंद और कुलदीप सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button