मेरठ

रावण दहन और नन्हों की झांकियों ने बांधा समां, 

दशहरा उत्सव में गूंजी भारतीय संस्कृति की गूंज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। जागृति विहार स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में रामनवमी और दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और भगवान हनुमान के रूप में मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया। बच्चों द्वारा रावण दहन के माध्यम से यह दर्शाया गया कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः जीत सदैव अच्छाई की ही होती है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की वंदना के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने उत्साहपूर्वक दशहरे के महत्व को गीत, नृत्य और संवादों के जरिए जीवंत किया। उन्होंने बताया कि यह पर्व नवरात्र के समापन का प्रतीक है, जब नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन कर असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया जाता है।
प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें स्नेहाशीष और पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में नारी शक्ति और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का प्रतीक माना गया है। अध्यापिका नीतू बंसल ने दशहरे के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को सरल शब्दों में समझाया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर बुलबुल चौधरी, शिखा सचदेवा, नेहा तोमर और प्रियंका नारायण ने किया। सभी शिक्षकों और शिक्षिकाओं के सहयोग से संपन्न इस आयोजन ने बच्चों को न केवल मनोरंजन का अवसर दिया बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समझने का भी सुंदर माध्यम बना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button