अमरोहा
अमरोहा में जहरीली गैस रिसाव फैक्ट्री के 11 रिएक्टर बंद
बेस्ट क्रॉप साइंस फैक्ट्री पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला में जहरीली गैस रिसाव के बाद बेस्ट क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के 11 रिएक्टर बंद कर दिए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बिजनौर की टीम ने राजस्व और बिजली विभाग के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। कंपनी की बिजली भी काट दी गई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बिजनौर के क्षेत्रीय अधिकारी उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बोर्ड के वैज्ञानिक सहायक सुरेश चंद्र त्रिपाठी और सहायक पर्यावरण अभियंता माहिर हुसैन को गजरौला भेजा गया था। उन्होंने थाना पुलिसकर्मियों, नायब तहसीलदार राजपाल गंगवार और बिजली विभाग के एसडीओ चंद्रेश विश्वकर्मा को साथ लेकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में कार्रवाई की।
टीम ने गैस रिसाव करने वाले 11 रिएक्टरों को बंद कराया और बिजली विभाग ने उनकी बिजली काट दी। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने इन रिएक्टरों को सील कर दिया। बताया गया कि ये रिएक्टर इसलिए बंद किए गए क्योंकि इनमें रिएक्शन का काम पूरा हो चुका था।
फैक्टरी प्रबंधन ने सभी रिएक्टरों को बंद करने के लिए प्रशासन से 10 अक्टूबर तक का समय मांगा है। क्षेत्रीय अधिकारी उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जैसे-जैसे रिएक्टरों में केमिकल की प्रक्रिया पूरी होती जाएगी, उन्हें बंद और सील करने की कार्रवाई की जाएगी। अब तक कुल 21 रिएक्टर बंद कराए जा चुके हैं।
सहायक पर्यावरण अभियंता माहिर हुसैन ने बताया कि प्रत्येक रिएक्टर में कच्चा माल डालकर अलग-अलग रसायन मिलाए जाते हैं, जिससे रिएक्शन के बाद तैयार माल बनता है। बिजली विभाग के एसडीओ चंद्रेश विश्वकर्मा ने बताया कि रिएक्शन रुक जाने पर रिएक्टर में विस्फोट हो सकता है, जिससे जान का खतरा पैदा हो सकता है। रिसाव होने पर जहरीली गैस से भी लोगों के जीवन को खतरा होता है।



