ललितपुर
कैरियर निर्माण हेतु एनसीसी का प्रशिक्षण प्राप्त करें युवा : प्राचार्य
नेमवि में एनसीसी भर्ती सम्पन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश शास्त्री के निर्देशन में एवं एनसीसी सीटीओ प्रो.अनिल सूर्यवंशी तथा जेसीओ ओमप्रकाश एवं हवलदार रमणीक सिंह की देखरेख में क्रीड़ा ग्राउण्ड में एन.सी.सी. कैडेटों की भर्ती की गई। प्राचार्य ने कहा कि युवा नैतिक, अनुशासित एवं चारित्रिक रूप से उन्नत होकर ही राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थी राष्ट्र रक्षा के साथ ही राष्ट्र के उत्थान के लिये भी बेहतर एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की सीख लेते हैं। युवाओं को कैरियर निर्माण हेतु एन.सी.सी. का प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहिए। एनसीसी सीटीओ प्रो.अनिल सूर्यवंशी ने कहा कि आज के युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर देश सेवा के लिये सदैव तत्पर रहना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत कैडेटों को उनकी योग्यता एवं परिश्रम के आधार पर बी एवं सी प्रमाणपत्र दिये जाते हैं, जो उनके भविष्य को उज्जवल बनाने में सहायक होते हैं। इन प्रमाणपत्रों के आधार पर सशस्त्र सेनाओं एवं प्रादेशिक शासकीय सेवाओं में विशेष प्राथमिकतायें प्रदान करने का प्रावधान है। सी प्रमाणपत्र धारकों को तो स्नातक के पश्चात बिना लिखित परीक्षा के सीधे साक्षात्कार के माध्यम से सैन्य कमीशन अधिकारी बनने का सुनहरा प्रावधान भी है। इसके अलावा उच्चस्तरीय अध्ययन में भी विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न परीक्षाओं एवं पाठ्यक्रमों में विशेष वरीयता अंक भी प्रदान किये जाते हैं। एनसीसी में प्रविष्ट अभ्यर्थी छात्र अनुशासन, परिश्रम, एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ यदि कार्य करेंगें तो महाविद्यालय में उनकी एक अलग पहचान होगी तथा छात्र जीवन के पश्चात राष्ट्ररक्षा के कार्य में इनके समपर्ण की भावना इन्हें भारत का श्रेष्ठ नागरिक बनाने में सहयोग प्रदान करेगी। भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुये जेसीओ ओमप्रकाश ने कहा कि महाविद्यालय के एनसीसी में भर्ती के इच्छुक संस्थागत विद्र्यािर्थयों के अर्हता प्रमाणपत्रों की जांच की गई। इसके पश्चात बटालियन झांसी से आये भर्ती अधिकारियों जेसीओ ओमप्रकाश एवं हवलदार रमणीक सिंह द्वारा शारीरिक लम्बाई, कदकाठी, पुशअप आदि की माप के पश्चात महाविद्यालय के ग्राउण्ड ़पर भर्ती हेतु अति महत्वपूर्ण दौड़ कराई गई, जिसमें सफल छात्रों को लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार हेतु अर्ह पाया गया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर महाविद्यालय के एनसीसी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जायेगी तत्पश्चात चयनित छात्र भारतीय सशस्त्र सेना की द्वितीय रक्षा पंक्ति एनसीसी के कैडेट के रूप में सैन्य एवं नेतृत्व के प्रशासनिक प्रशिक्षण को प्राप्त कर एक सफल नागरिक के रूप में राष्ट्र की सेवा कर स्वयं एवं महाविद्यालय के नाम को रोशन करने में सक्षम बनेगें। इस दौरान डा. सुधाकर उपाध्याय, डा.शैलेन्द्र सिंह, डा.सुभाष जैन, विवेक पाराशर, फहीम बख्श, सीनियर कैडिट पंकज साहू, कैडेट सौरभ, जितेन्द्र, राज सिंह, अंशुल कुशवाहा, कृष्णा पटैरिया, सुरेन्द्र, अनिल, आर्यन लोधी, विनोद, उमाकांत, बृजभान, अनुज साहू, अरविन्द राय, दीपक सेन, हेमन्त चौरसिया, आदि का विशेष सहयोग रहा।



