ललितपुर
पिकअप में दूध से भरे कंटेनर पकड़े
सेम्पल लेकर जांच को भेजे, सहायक खाद्य आयुक्त की कार्यवाही से हड़कम्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही किये जाने को लेकर खाद्य विभाग लगातार कार्यवाहियां कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सहायक खाद्य आयुक्त विनोद कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ जांच के दौरान एक पिकअप, जो कि टीम को देखकर भाग रही थी को पीछा करके पकड़ लिया। इस पिकअप में लदे कंटेनरों में भारी मात्रा में भरे दूध के सेम्पल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार को अपराह्न करीब 3 बजे सहायक खाद्य आयुक्त विनोद कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ मिलावटी खाद्य सामग्री न बिक सके, इसलिए जांच-पड़ताल में मशगूल थे। तभी नेहरू महाविद्यालय के पास उन्हें एक पिकअप संख्या यू.पी.94 टी 9545 को आता देखा। इस पिकअप में कंटेनर लदे हुये थे। पिकअप चालक ने टीम को देखकर तत्काल गाड़ी को तेजी से भीड़-भाड़ वाले इलाके से निकालने का प्रयास किया, ताकि टीम उसे पकड़ न सके। लेकिन सहायक खाद्य आयुक्त की सतर्कता के चलते उन्होंने पीछा करते हुये कैलगुवां तिराहा के पास से पिकअप को रोक लिया। बताया जा रहा है कि टीम ने गाड़ी में रखे कंटेनरों से दूध के सैम्पल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
