अमरोहा
अमरोहा में दुष्कर्म के प्रयास में दो को सजा
आठ साल पहले किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश पर चार साल कैद, जुर्माना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में 16 मई 2018 को एक किसान की 16 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म की कोशिश की गई थी। पीड़िता छोटे भाई के साथ खेत में मेंथा की फसल की सिंचाई कर रही थी, तभी कुंदरकी गांव के विनेश और काले ने उस पर हमला किया। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मारपीट करते हुए भाग गए।किसान की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शुरुआती जांच और कोर्ट में सुनवाई के बाद दोनों आरोपी जमानत पर बाहर थे। कोर्ट के आदेश के बाद एक आरोपी को तुरंत जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरा आरोपी पहले ही वारंट पर गिरफ्तार होकर जेल में था।
कोर्ट का फैसला
अपर जिला सत्र न्यायाधीश विशेष पॉक्सो एक्ट द्वितीय की अदालत ने सोमवार को सुनवाई पूरी की। अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक बसंत सिंह सैनी ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया। अदालत ने विनेश और काले को चार साल की सजा और 12,500 रुपये का जुर्माना सुनाया। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा की और कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से ही पीड़ितों को न्याय मिल सकता है।



