गाजियाबाद
फारुख नगर में पटाखों की बिक्री में मनमानी, प्रशासन मौन ॽ
एमआरपी से दुगने दामों पर खुलेआम व्यापार करने वाले के खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं ॽ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : दीपावली पर टीला मोड़ थाना क्षेत्र के फारुख नगर में आतिशबाजी की बिक्री में दुकानदारों की जमकर मनमानी देखने को मिली। इलाके की गलैक्सी फायर वर्क्स, कान्हा फायर वर्क्स, अनंत ट्रेडिंग कंपनी और श्री जी फायर वर्क्स जैसी दुकानों पर एमआरपी से दुगने दामों पर पटाखों की बिक्री के आरोप लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दुकानों पर प्रतिबंधित पटाखों की भी खुलेआम बिक्री की जा रही थी। दुकानों के बाहर सैकड़ों गाड़ियां और मोटरसाइकिलें खड़ी थीं, जबकि मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड का कोई अमला मौजूद नहीं था।
खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बताया कि दुकानदारों ने पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से ऊंचे दाम वसूले। रेट का विरोध करने पर ग्राहकों को दुकान से बाहर निकाल दिया गया।
अनंत फायर वर्क्स पर खरीदारी करने पहुंचे नीरज कुमार और श्री जी फायर वर्क्स पर शाहदरा निवासी देव ने जब महंगे रेट का विरोध किया तो दुकानदारों ने अपने लोगों को बुलाकर उन्हें जबरन गोदाम से बाहर कर दिया।
लोगों का कहना है कि पटाखों की बिक्री का हाल ऐसा था मानो राशन वितरण केंद्र पर भीड़ लगी हो। ना तो कोई सुरक्षा इंतज़ाम थे, ना ही किसी अधिकारी की निगरानी।
एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के नियमों की भी यहां खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि एमआरपी से अधिक मूल्य पर बिक्री करने और प्रतिबंधित पटाखे बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।

