गाजियाबाद

लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे चल रहा हुक्का बार

छापेमारी में युवक गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे लंबे समय से चल रहे हुक्का बार का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने गुरुवार रात छापेमारी कर मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से सात हुक्का, सात हुक्का पाइप, सात चिलम, एक चिमटा और दो डिब्बी फ्लेवर तंबाकू बरामद हुए हैं।
बताया जा रहा है कि यह हुक्का बार काफी समय से संचालित हो रहा था और स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई थी। इस मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स (पूर्व में ट्विटर)’ और अन्य माध्यमों पर वायरल पोस्ट के जरिए सामने आई। पोस्ट में पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए गए थे, जिसके बाद मामला चर्चा में आया और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह हुक्का बार कब से और किन लोगों की शह पर चल रहा था।
आगाज सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष हेमा सिंह का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह के हुक्का बार युवाओं को गलत राह पर धकेल रहे हैं। वहीं, लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर इतने समय तक पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सोशल मीडिया पर मामला उजागर नहीं होता तो शायद यह अवैध गतिविधि आगे भी निर्बाध रूप से चलती रहती।
फिलहाल पुलिस ने हुक्का बार संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button