गोड्डा
महागामा थाना में पुलिस समीक्षा बैठक इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो ने दिया सख्त निर्देश
कानून-व्यवस्था को लेकर हुई गहन चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/महागामा। महागामा थाना परिसर में शनिवार को पुलिस इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों की प्रगति, वारंट तामिला, गश्ती व्यवस्था और अवैध कारोबार की रोकथाम जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल सहित पुलिस पदाधिकारी रोम सिंह, जुगनू महत्ता, अशोक सिंह, खालिद खान, संजय सिंह और रामानी सिंह उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी दी और विभिन्न मामलों पर चर्चा की।इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो ने निर्देश देते हुए कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला तस्करी, शराब कारोबार, जुआ, छिनतई और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्ती बढ़ाने, चौक-चौराहों पर निगरानी रखने और जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने हर मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इंस्पेक्टर महतो ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध बनाए रखना बेहद जरूरी है। आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करना ही पुलिस का मुख्य दायित्व है।बैठक के समापन पर उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य करने की अपील की, ताकि महागामा क्षेत्र में अपराध पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके।महागामा थाना परिसर में समीक्षा बैठक करते पुलिस इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो, साथ में थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल और अन्य पदाधिकारी।



