
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नगर निगम की सड़क तोड़ने या कब्जा करने वाले रसूखदारों पर अब कार्रवाई होगी। रहपुरा चौधरी में अस्पताल पर मुकदमे के बाद नगर आयुक्त ने सर्वे के लिए टीमें गठित की है। 15 दिन में रिपोर्ट आने के बाद रणनीति नगर निगम तैयार कर रहा है। मिनी बाइपास रोड पर वार्ड-29 रहपुरा चौधरी में नगर निगम की जमीन को तोड़ने के मामले में फय्याज अस्पताल पर कार्रवाई हुई थी। इस मामले में नगर आयुक्त के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब नगर निगम ने शहरभर में सर्वे के लिए टीमों का गठन किया है।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी कार्रवाई अधिकारियों के मुताबिक ऐसे अस्पताल, बरातघर और व्यावसायिक भवनों को इसमें शामिल किया गया है, जिन्होंने नगर निगम की जमीन पर कब्जा किया है या फिर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। 15 दिनों में सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक सर्वे रिपोर्ट के बाद जो भवन भी सामने आएंगे, उनको नोटिस भेजने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिनकी संपत्तियों से नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए कहा जाएगा। वहीं निगम अगर संतुष्ट नहीं हुआ तो मुकदमा दर्ज करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि ऐसे भवनों को चिह्नित कराया जा रहा है, जिन्होंने कब्जा किया है या फिर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। सर्वे रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



