झारखंड के 17 डीएसपी को बड़ा तोहफा, बनेंगे IPS अधिकारी
17 DSPs of Jharkhand get a big gift, will become IPS officers

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। 11 नवंबर: झारखंड पुलिस विभाग के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की बैठक में राज्य के 17 उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रमोशन देने पर सहमति बन गई है। इस निर्णय से राज्य पुलिस बल में उच्च पदों पर लंबित रिक्तियों को भरने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। दिल्ली में हुई इस अहम बैठक में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य सरकार द्वारा भेजे गए 17 अधिकारियों के नामों पर विस्तार से चर्चा के बाद सभी को IPS पदोन्नति के लिए मंजूरी दे दी गई। सूत्रों के अनुसार, जिन अधिकारियों के नामों पर मुहर लगी है, उनमें राजेश कुमार, दीपक कुमार, श्रीराम समद, रौशन गुड़िया, राहुल देव बड़ाईक और निशा मुर्मू सहित कई अन्य अधिकारी शामिल हैं। वहीं, JAP-2 में पदस्थापित एएसपी अविनाश कुमार की लंबित प्रोन्नति पर भी फैसला लिया गया है। उन्हें 2020 बैच में IPS के रूप में पदोन्नत किया जायेगा। UPSC की मंजूरी के बाद अब गृह मंत्रालय से औपचारिक अधिसूचना जारी होने का इंतजार है। संभावना है कि आने वाले दिनों में इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ राज्य के विभिन्न जिलों में तैनाती दी जायेगी। यह प्रमोशन न केवल अधिकारियों के करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, बल्कि झारखंड पुलिस की प्रशासनिक दक्षता और मनोबल को भी नई ऊँचाई देगा।



