खैरथल

जनजातीय संस्कृति, संघर्ष और स्वाभिमान के जश्न के रूप में मनाया गौरव दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को खैरथल-तिजारा में जिला स्तरीय ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण भी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले भर में किया गया।
अति. जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा जी जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश उपनिवेशवाद और धर्मांतरण के प्रयासों के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समुदाय के गौरव, संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी बताया कि जनजाति गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य न केवल जनजातीय समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देना है, बल्कि उनके उत्थान हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना भी है। केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना, धरती आबा ग्राम उत्थान अभियान, वन धन विकास केन्द्र और एकलव्य मॉडल विद्यालय जैसी प्रमुख योजनाएँ जनजातीय समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
*ग्रामीण एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन*
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का ग्रामीणों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायक जीवन, उनके संघर्ष तथा समाज सुधार के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button