
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : बुधवार रात करीब सात बजे गंगारामपुर खेड़की मार्ग पर गन्ने से लदे एक ट्रक और भूसे से भरे ओवरलोड वाहन के कारण करीब एक किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लग गया। इस कारण बाईपास तिराहे, मुख्य बाजार मागं पूरी तरह से बंद हो गया और लोग गलियों से होकर गुजरते नजर आए। वहीं, हरियाणा व उत्तराखंड को जाने वाले राहगीरों को दिक्कत उठानी पड़ी। जाम दो घंटे के बाद जाकर खुल सका। चौसाना निवासी रिजवान राणा,मुबारिक अली, मुस्तफा और रूपेश सैनी ने बताया कि गन्ना सीजन में भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और यातायात नियंत्रण की कमी के कारण यह समस्या रोज की समस्या हो रही है।
अधिकारी व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि सामान की ढुलाई प्रभावित हो रही है, औरदुकान-व्यापार रुक-रुक कर चल रहा है।
राहगीरों ने प्रशासन से खेड़की तिराहा और मुख्य मार्गों पर नियमित यातायात नियंत्रण, ओवरलोड वाहनों की सख्त जांच और मार्ग निर्देशन लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में रोज की यह गंभीर समस्या खत्म हो और सड़कें सुरक्षित बनी रहें।


