बाराबंकी
मुख्य विकास अधिकारी ने किया महिला लाभार्थी की समस्या का समाधान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। तहसील रामनगर में मुख्य विकास अधिकारी , बाराबंकी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में चंद्रकली पत्नी स्व० महाजन, निवासी किशुनपुर , रामनगर के द्वारा कई माह से रुकी हुई पति की मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन का भुगतान कराये जाने संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ ।
मुख्य विकास अधिकारी, बाराबंकी द्वारा चन्द्रकली के आवेदन की स्थिति की जाँच करायी गई । जाँच में ज्ञात हुआ की चन्द्रकली के बैंक खाता में डीबीटी भुगतान नहीं हो पा रहा है । मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के क्रम में तत्काल चन्द्रकली का नवीन खाता नजदीकी पोस्ट ऑफिस में खुलवाते हुए खाता की डीबीटी करायी गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चंद्रकली को सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उनका नवीन खाता और पासबुक भी प्रदान किया गया ।अब से चंद्रकली को निर्बाध रूप से पति की मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ मिलता रहेगा ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रदेश और केंद्र सरकार की डीबीटी आधारित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में पंजीकृत जनपद के सभी लाभार्थियों से अपना आधार लिंक बैंक खाता को अपनी बैंक शाखा में जाकर डीबीटी के लिए सक्रिय कराने की अपील की , ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होता रहे ।



