
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : ललमटिया थाना क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान थाना क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित हुए। थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह ने बताया कि ठंड के मौसम में समाज के कमजोर वर्गों को विशेष सहयोग की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशासन की ओर से यह पहल की गई, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से पीड़ित न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। कंबल प्राप्त कर लोगों ने राहत महसूस की और थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि ऐसे कार्यों से पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। कार्यक्रम में एएसआई सुरेंद्र यादव, आरक्षी राम प्रवेश यादव सहित थाना के अन्य पुलिस सशस्त्र बल के जवान उपस्थित रहे और जरूरतमंदों को व्यवस्थित तरीके से कंबल वितरण में सहयोग किया।



